नारनौल। जीएसटी विभाग के अधिकारियों की ओर से की जा रही छापामारी को लेकर व्यापारियों की बैठक रविवार को अग्रवाल सभा भवन में आयोजित की गई। इस मौके पर किशन चौधरी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को संबोधित ज्ञापन की प्रति दिखाते हुए कहा कि जीएसटी विभाग के अधिकारी पिछले 2 माह से नारनौल में गलत तरीके से व्यापारी वर्ग को परेशान कर रहे हैं। इससे व्यापारी वर्ग भयभीत है।
उन्होंने बताया कि जीएसटी विभाग के अधिकारी नियम विरुद्ध तरीके से व्यापारी के घरों में छापा डालते हैं और महिलाओं से आभूषण के बारे में पूछताछ करते हैं। जीएसटी एक्ट चैप्टर नंबर 16 सेक्शन 67 में कानून में यह स्पष्ट लिखा हुआ है कि जीएसटी अधिकारी किसी भी व्यापार से संबंधित स्थान पर छापा डाल सकता है न की किसी के घर पर जाकर। जीएसटी के अधिकारियों ने पिछले कुछ दिनों में जिला महेंद्रगढ़ में 9 जगह छापामारी की है। उद्योगपति अनिल गोयल ने बताया कि किसी भी अधिकारी को घर में घुसकर छापामारी का अधिकार नहीं हैं। इस बैठक में ढाबा एसोसिएशन के प्रधान नरसिंह दायमा, होलसेल कपड़ा व्यापार संघ के अध्यक्ष नरेंद्र झिमरिया, हैफेड के पूर्व जीएम सुरेंद्र चौधरी, आरटीआई कार्यकर्ता टेकचंद तायल व संजय गर्ग आदि मौजूद रहे। बैठक में फैसला लिया गया कि 21 लोगों की कमेटी बनाकर विभाग के उच्च अधिकारी शत्रुजीत से मिलकर उक्त मामले की जानकारी दी जाए।जिसकी अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष व व्यापारी नेता अधिवक्ता किशन चौधरी ने की।