महेंद्रगढ़। शहर में चल रहे अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर दो घंटे धरना दिया। एसडीएम से बातचीत में स्लैब के चालान पूरी तरह रद्द करने पर सहमति बनी। इसके बाद अन्य दुकानदारों के किए गए भारी रकम के चालान माफ करने की बात उठाई।
यहां पर एसडीएम कनिका गोयल, तहसीलदार अजय, नपा प्रधान रमेश सैनी ने उनसे बातचीत की। इसके बाद व्यापारियों के मांगपत्र पर एसडीएम व तहसीलदार की ओर से किए गए चालान की रकम कम करने का आश्वासन दिया। इस पर एसडीएम कनिका गोयल ने कहा कि अब 10 दिन तक शहर में अतिक्रमण की समीक्षा होगी और दस दिन बाद जुर्माना राशि तय की जाएगी।
तीन दिन में नगर पालिका की ओर से 55 दुकानदारों पर करीब 35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। शुक्रवार सुबह 9 बजे शहर के करीब 80 व्यापारी व दुकानदार एसडीएम कार्यालय प्रांगण में पहुंचे। उनकी अगुवाई मार्केट कमेटी प्रधान व पार्षद अशोक कुमार ने की।
सभी दुकानदारों ने व्यापारी एकता जिंदाबाद और तानाशाही व गुंडागर्दी नहीं चलेगी के नारे लगाए। इसके बाद तहसीलदार, एसडीएम और नगर पालिका प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत की। इसके बाद सभी व्यापारियों ने उनको ज्ञापन सौंपा।
व्यापारी व निवासी जानते हैं एक-दूसरे की समस्या : एसडीएम
एसडीएम ने कहा कि मेरा तो तबादला हो जाएगा लेकिन व्यापारी व स्थानीय लोग यहीं रहेंगे। व्यापारियों को भी लोगों की समस्या का पता है और दैनिक आवागमन करने वाले राहगीर व चालकों को भी समस्या का पता है। साथ ही दुकान किराए पर लेते समय पर बरामदा आवंटित नहीं किया जाता है।
बेतरतीब से खड़े वाहनों पर होगी सख्ती
शहर में सड़कों किनारे बेतरतीब वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब शहर थाना पुलिस कार्रवाई करेगी। एसडीएम ने शुक्रवार को शहर थाना प्रभारी को पुलिसकर्मी तैनात कर ऐसे वाहन चालकों के चालान करने के निर्देश दिए।
वर्जन:
व्यापारियों के साथ बातचीत की गई और उनकी मांगों व प्रशासन के नियमों के अनुसार चालान की रकम दस दिन बाद कम करने पर फैसला लिया जाएगा। अब हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी। -कनिका गोयल, एसडीएम, महेंद्रगढ़
वर्जन:2
नगर पालिका की टीम दस दिन तक प्रतिदिन बाजार में निगरानी रखेगी और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की रिपोर्ट तैयार कर टीम एसडीएम को सौंपेगी। बैठक में केवल स्लैब के चालान रद्द किए जाएंगे जबकि अन्य चालान पर दस दिन बाद निर्णय लिया जाएगा। -रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका महेंद्रगढ़