फोटो नंबर- 02रोड़ी का अवैध परिवहन करते पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली। स्रोत-प्रशासन
नारनौल। अवैध खनन व खनिज परिवहन को लेकर जिला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। शनिवार सुबह संयुक्त टीम ने नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव दताल के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली को बिना ई-रवाना रोड़ी ले जाते पकड़ा। इस पर लगभग 2.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
यह जानकारी जिला खनन इंजीनियर डॉ. राजेश कुमार ने दी। बताया कि खनन विभाग, पुलिस विभाग, फॉरेस्ट विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड संयुक्त टीम शनिवार को नांगल चौधरी क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान नांगल चौधरी से बहरोड़ रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली राजस्थान की तरफ जा रहा था। टीम ने इसे मौके पर ही पकड़कर कागजात जांच किए। इस दौरान पता चला कि यह बिना ई-रवाना के ही रोड़ी का परिवहन कर रहा था। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए इसे बाड़े में खड़ा करवाकर 2.15 लाख रुपये की जुर्माना कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि यह टीम लगातार जिला के विभिन्न क्षेत्रों में दिन-रात गश्त कर रही है। अवैध खनन अथवा खनिज के अवैध परिवहन के मामलों पर टीम लगातार प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने बताया कि खनन विभाग के महानिदेशक केएम पाण्डुरंग के दिशा-निर्देशन में अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि खुद उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक भी लगातार इन मामलों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधीक्षक की ओर से चेक पोस्ट पर कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी तय कर दी गई है। पुलिस विभाग द्वारा जारी पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी का नया शेड्यूल मिल गया है।