नांगल चौधरी। नांगल चौधरी शहर और वार्डों के लोग कई दिनों से बंदरों के आतंक से परेशान हैं। बंदर मौका मिलते ही घरों में घुस जाते हैं और सामान उठा ले जाते हैं।
अगर कोई भगाने का प्रयास करता है तो उस पर हमला कर देते हैं। इतना ही नहीं लोगों के घरों के ऊपर रखी पानी की टंकियों में लगे पाइपों को तोड़ देते हैं। इससे टंकी में भरा पानी बिखर जाता है। वहीं बंदरों के कारण ग्रामीण छतों पर कपड़े भी नहीं सुखाते हैं। बंदर कपड़ों को फाड़ देते हैं या लेकर भाग जाते हैं। बाजारों में दुकानों के बाहर लगे टीन शेड पर आपस में लड़ते-झगडते रहते हैं, कोई भगाने की कोशिश करते हैं तो उसको काटने के लिए दौड़ा लेते हैं।
अब तक कई लोगों को बंदर काट कर घायल कर चुके हैं। इससे लोग घरों व दुकानों की छतों पर भी जाने से डरने लगे हैं। बता देें कि नांगल चौधरी में कुछ दिनों पहले तक एक भी बंदर नहीं था, लेकिन अचानक से नांगल चौधरी में 10 से 15 बंदरों का एक झुंड आ गया हैं। जिनकी संख्या अब दिनोंदिन बढ़ती ही जा रही है। अब इन बंदरों का झुंड दिनभर गलियों में डेरा डाले रखते हैं। उत्पाती बंदरों के कारण बच्चों का गलियों में खेलना तक बंद हो गया है। ऐसे में लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदरों को पकड़वाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
बंद पड़ा ग्राम रामबोझा का आरोग्य मंदिर।संवाद