नारनौल। महेंद्रगढ़ के व्यापार मंडल के प्रधान एवं पूर्व नगर पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल उर्फ बंटी के विरुद्ध दर्ज किए गए मुकदमे एवं गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को जिलेभर के व्यापारी नारनौल के लघु सचिवालय पार्क में एकत्रित हुए तथा वहां से विरोध प्रदर्शन करते हुए सचिवालय पहुंचे। जहां उन्होंने डीसी एवं एसपी को अलग-अलग ज्ञापन देकर बंटी को निर्दोष बताया तथा मुकदमे को रद करने की मांग की।
इस मौके पर हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष किशन चौधरी ने कहा कि बंटी निर्दोष है तथा महेंद्रगढ़ पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया है। सुरेंद्र के भाई एवं पिता हनुमान प्रसाद ने महेंद्रगढ़ के शंकर मार्केट में बर्तन की दुकान कर रखी है। इसी दुकान पर डुलाना का संजय यादव सहायक के रूप में काम करता था। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि बंटी के भाई जितेंद्र को संजय पर शक था और एक दिन उसने उसे चुराए गए बर्तनों के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। इसकी शिकायत बाकायदा महेंद्रगढ़ पुलिस को भी की गई, लेकिन वहां कार्यरत एएसआई सुखबीर ने उसे छोड़ दिया तथा सामान भी उसे ही दे दिया। जब प्रार्थी ने एएसआई से कार्रवाई की बात तो उल्टे उसने गाली-गलौच किया। इतना ही नहीं एएसआई ने राजीनामा करने के लिए भी बंटी को धमकाना शुरू कर दिया। किशन चौधरी ने बताया कि आरोपी संजय और 3-4 प्रतिष्ठित व्यक्ति बंटी के घर पहुंचे और माफी मांगने लगे। इस पर राजीनामा के लिए तैयार हो गए और इसकी सूचना पुलिस को देने महेंद्रगढ़ चौकी गए व राजीनामा बारे अवगत कराया। बाद में उल्टा सुरेंद्र उर्फ बंटी के ही खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत झूठी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे व्यापारी वर्ग को गहरा आघात लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाने में महेंद्रगढ़ व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र अग्रवाल के साथ थाने में दुर्व्यवहार किया गया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग इसे बर्दाश्त नहीं करेगा तथा इसके खिलाफ आंदोलन चलाएगा। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में न्याय नहीं हुआ तो जिले के व्यापारी अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को बंद कर देंगे तथा चाबियां प्रशासन को सौंप देंगे। व्यापारियों ने पहले डीसी अतुल कुमार द्विवेदी को उनके कार्यालय में जाकर ज्ञापन सौंपा तथा न्याय की गुहार लगाई। डीसी ने एसपी के मिलने के निर्देश दिए, जिस पर व्यापारी एसपी से मिलने गए। एसपी ने व्यापारियों को मामले की जांच कराने एवं रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर सूरज बौहरा, कैलाश पालड़ी, प्रकाश सैनी, पवन कुमार, रतनलाल, सतीश, राधेश्याम, लक्ष्मीनारायण सैनी, सीताराम, नरेश शास्त्री, रामनिवास व केहर सिंह समेत अनेक व्यापारी मौजूद थे।