कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या सीमा यादव ने की जबकि भुंगारका क्लस्टर के प्रमुख एवं प्राचार्य मुरारीलाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एबीआरसी राजेंद्र कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। क्लस्टर प्रमुख मुरारीलाल ने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।
वहीं एबीआरसी राजेंद्र कुमार ने इसे सरकारी स्कूलों की छवि सुदृढ़ करने वाला मॉडल बताया। प्राचार्य सीमा यादव ने कहा कि बालिका शौचालय का जीर्णोद्धार छात्राओं के आत्मसम्मान, स्वास्थ्य और नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देगा। उन्होंने इसे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
शिक्षा निदेशालय हरियाणा के निर्देशानुसार भुंगारका क्लस्टर शिक्षा समिति के तहत संकुल स्तरीय टीम ने विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण अभियान का नेतृत्व क्लस्टर प्रमुख एवं प्राचार्य मुरारीलाल ने किया जबकि एबीआरसी राजेंद्र कुमार भी टीम के साथ मौजूद रहे।
टीम ने अकबरपुर, नांगल कालिया और भोजावास स्थित विद्यालयों का दौरा कर शौचालयों की स्थिति, खेल मैदान की उपलब्धता, परिसर की स्वच्छता, मिड-डे मील व्यवस्था और कक्षा कक्षों में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया।
क्लस्टर प्रमुख मुरारीलाल ने बताया कि जहां भी कमियां पाई जाएंगी, उनकी रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी जाएगी ताकि जल्द सुधार हो सके। निरीक्षण के दौरान विद्यालय स्टाफ ने टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई।