महेंद्रगढ़। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में दाखिला लेने के लिए सोमवार को अंतिम दिन है। उसके बाद पोर्टल को बंद कर दिया जाएगा। क्षेत्र के सात औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 455 सीट रिक्त हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महेंद्रगढ़, महिला आईटीआई महेंद्रगढ़, सेहलंग, सतनाली, भोजावास, मालड़ा बास, डेरोली अहीर में 1848 सीट पर 1392 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है, जबकि 455 सीट रिक्त हैं। सोमवार को दाखिले का अंतिम दिन है। उसके बाद दाखिला का पोर्टल बंद हो जाएगा। महेंद्रगढ़ क्षेत्र की सात आईटीआई में रिक्त सीटों को भरने के लिए दाखिला कमेटी के लिए महज एक दिन शेष है। एक दिन में सभी सीटों को भरना कमेटी के लिए चुनौती से कम नहीं है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महेंद्रगढ़ के इंचार्ज संदीप सिंह ने बताया कि सोमवार को दाखिला का अंतिम दिन है। महेंद्रगढ़ में 172 सीट, तीन संस्थानों में 100 से नीचे सीट, तीन संस्थानों में 50 से भी कम सीट रिक्त है। सभी ट्रेड़ों में नियमित रूप से कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं।