फोटो नंबर-04निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर अनाथ गोशाला में गो माता को हरा चारा खिलाते परिवार
नारनौल। निर्जला एकादशी को लेकर शुक्रवार को शहर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सभी 24 एकादशी का पुण्य फल देने वाली निर्जला एकादशी को लेकर महिलाओं ने सुबह स्नान आदि कर मंदिर में पहुंचकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने मंदिरों में फल, चीनी व पानी के मटके आदि भी रखे। निर्जला एकादशी का फल प्राप्त करने के लिए कई महिलाओं व पुरुषों ने व्रत रखकर एकादशी की कथा भी सुनी। वहीं गो सेवा मंडल नारनौल के तत्वावधान में चार सवामनी का आयोजन किया गया।
गोशाला में शिव कालोनी निवासी वाईके शर्मा व कुलभूषण शर्मा ने परिवार के साथ हरे चारे की सवामनी लगाई। आचार्य क्रांति निर्मल शास्त्री ने परिवार के सभी सदस्यों को गोमाता का पूजन करवाया। वहीं दूसरी सवामनी रामचंद्र शर्मा व संतरा देवी ने एकादशी व विवाह की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में लगाई गई।
एकादशी को लेकर तीसरी सवामनी मुकेश अग्रवाल व विनोद अग्रवाल द्वारा लगाई गई। इस उपलक्ष्य में चौथी सवामनी अनिल यादव द्वारा लगाई गई। सभी यजमानों को गोशाला के पंडित द्वारा पूजन करवाया गया। इस मौके पर गो सेवा मंडल के संस्थापक मुकेश वालिया व गोशाला प्रधान आकाश यादव ने बताया कि एकादशी पर गोमाता की सवामनी लगाने व गोशाला में दान करने से सभी पुण्य फल की प्राप्ति होती है।