नारनौल। शहर के मोहल्ला मिश्रवाड़ा में कांचावाला मंदिर से पुराने डीएवी स्कूल तक बनाई जाने वाली सड़क का मंगलवार को स्थानीय लोगों के विरोध के कारण निर्माण कार्य बंद कर दिया गया।
मोहल्ले में इस सड़क को बनाने के लिए सुबह आनन-फानन में मिट्टी डाली जा रही थी। जिसे देखकर मोहल्ले के लोगों ने पूछा कि यह मिट्टी क्यों डाली जा रही है तो उन्हें पता लगा कि यहां टाइल की नई सड़क बनाई जा रही है। यह सुनकर मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। मोहल्ला वासियों के विरोध को देखते हुए वहां पहुंचे वार्ड पार्षद नितिन चौधरी ने काम बंद करवा कर वहां से मिट्टी को वापस उठवाना शुरू कर दिया। मोहल्ले में सड़क का विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि इस सड़क मार्ग पर पहले से ही इतना पानी भरता है कि थोड़ी सी तेज बरसात होते ही पानी घरों में घुस जाता है।
मोहल्ले में सड़क पर सड़क बनाने से यहां बनी परचून की दुकानों में हर बरसात के अंदर पानी दुकान में घुस जाता है। लोगों ने कहा कि यहां जो पहले सड़क बनी है, उस पर ही पेचवर्क करवा कर नालियों को ठीक करवा दिया जाए। जिससे सड़क भी ठीक हो जाएगी और पानी की निकासी भी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि टाइलों की सड़क तो हम बिल्कुल नहीं बनने देंगे और सड़क बनानी भी है तो सड़क को तोड़ कर उसी लेवल में बनाई जाए।
मोहल्ले में सड़क पहले ही इतनी ऊंची हो गई है कि बरसात होते ही पानी घरों में घुस जाता है। इसके बाद अब सड़क पर ही टाइलें डाली जा रही थी, जिसका हमने विरोध किया। अगर यहां सड़क बने तो उसी लेवल में ही बनाई जाएं।
अनिल सोनी।
मोहल्ले में इस सड़क पर पहले ही बरसात का पानी भर जाता है। अगर यह सड़क बन जाती तो और मुश्किल हो जाती। इस सड़क पर पेचवर्क करवा कर नालियां ठीक करवा दी जाए तो बेहतर रहेगा।
अर्जुन
मोहल्ले के इस मार्ग पर सड़क बनाई जा रही थी, जिससे लोगों को सुविधा मिले। अगर इस सड़क से बरसात के मौसम दिक्कत होती है काम बंद करवा दिया। हम वहीं काम करेंगे, जिससे मोहल्ले के लोग संतुष्ट होंगे। मोहल्ले के लोग पेचवर्क करवा कर नालियां ठीक करवाने की बात कह रहे है तो वैसा ही होगा।
नितिन चौधरी, वार्ड पार्षद।