सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतनाली में शनिवार को दो स्वास्थ्य कर्मियों सहित एक आशा वर्कर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि सतनाली सीएचसी की एक एएनएम, आउटसोर्स पर लगे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के अलावा एक आशा वर्कर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन तीनों का ही सतनाली सीएचसी में 25 जून को सैंपल लिया गया था।
स्वास्थ्य विभाग ने तीनों संक्रमितों को कोविड सेंटर भेज दिया है। संक्रमित कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों को घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के अलावा बीडीपीओ धर्मबीर यादव ,पंचायत अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, ग्राम सचिव अनिल कुमार, जेई प्रवीण कुमार, रणवीर सिंह, सरपंच रवि शेखावत मौके पर पहुंचे। पंचायत अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि संक्रमितों के परिजनों को होम आइसोलेट किया गया है। संक्रमितों के घरों के रास्ते पर बैरिकेड्स लगाकर आवागमन बंद किया गया है। विभाग की टीम संक्रमित मिली आशा वर्कर के गांव पहुंची। संक्रमित के घर और आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज करवाया गया। परिवार के सदस्यों को आइसोलेट किया। संक्रमित आशा वर्कर को कोविड सेंटर भिजवाया गया। उसके संपर्क में आने वाले लोगों की स्क्रनिंग की गई।
डॉ. मनीष यादव ने बताया कि एएनएम के संक्रमित मिलने पर सीएचसी और आवासीय परिसर को सैनिटाइज करवाया गया है। शनिवार को 48 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।