महेंद्रगढ़। एक ही रात में गांव रिवासा के छह किसानों के खेतों से 87 फव्वार चोरी हो गए। पीड़ित किसानों ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव रिवासा निवासी सुनील ने बताया कि इस समय गेहूं एवं सरसों की फसलों में सिंचाई का काम चल रहा है। वह शनिवार सुबह खेत में लाइन लगाकर आया था रात को फव्वारा नोजल गायब मिले। उसके साथ-साथ चार अन्य किसानों के खेतों से भी अज्ञात चोर फव्वारा चोरी कर ले गए। उसके खेत से 10, रामनिवास के खेत से 10, संजय पुत्र बनवारी लाल के खेत से 11, वेदप्रकाश पुत्र इंद्र सिंह के कुल 11 फव्वारा नोजल, उमेद पुत्र मगन सिंह के 13 फव्वारा नोजल तथा पवन कुमार पुत्र चंदगीराम के खेतों से कुल 32 फव्वारा नोजल चोरी कर ले गए। कुल छह किसानों के 87 नोजल चोरी हो गई हैं।
गत नवंबर माह के दौरान चोरों ने गांव रिवासा, सिसोठ, कुरहावटा, भगड़ाना, खातोद सहित अन्य गांवों के करीब 150 किसानों के 1500 से अधिक फव्वारा चोरी किए थे, लेकिन पुलिस किसानों के खेतों से चोरी के एक भी मामले में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।