फोटो नंबर-20पुरानी कचहरी का मैदान जिसे बनाया जाएगा अस्थाई पार्किंग। संवाद
नारनौल। दीपावली के पर्व को लेकर बाजारों में लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से वीरवार से शहर के बाजारों में चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। दीपावली को लेकर अब बाजारों अस्थाई दुकानें भी लगनी शुरू हो गई है।
इससे बाजारों में लोगों का आवागमन ठीक बना रहे इसे लेकर पुलिस व नगर परिषद दोनों के द्वारा नजर रखी जाएगी। पुलिस द्वारा बाजार में आने वाले लोगों के चौपहिया वाहन खड़ा करने के लिए पुरानी कचहरी मैदान को अस्थाई पार्किंग बनाया जाएगा। इसके अलावा पुरानी कचहरी व किला रोड पर नाके भी लगाए जाएंगे जिससे चौपहिया वाहन बाजार में प्रवेश न कर सके।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए बाजारों और मार्केट क्षेत्रों में कुल 20 राइडर टीमें तैनात की जाएगी। ये राइडर टीमें लगातार गश्त करती रहेंगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए तैयार रहेंगी। इन पर तैनात कर्मचारियों को कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में सुरक्षा को ओर अधिक प्रभावी बनाने के लिए कमांडो की विशेष टुकड़ियां पैदल गश्त भी करेंगी। कमांडो की ये अलग-अलग टीमें महत्वपूर्ण चौराहों और बाजार गलियों में लगातार सक्रिय रहेंगी जिससे असामाजिक तत्वों पर दबाव बना रहे।
वर्जन-
त्योहारों के दौरान बाजारों में लगने वाली भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए व्यापारी बाजार में अतिक्रमण न करें ताकि पैदल यात्रियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। वीरवार से बाजार में चौपहिया वाहन पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस दल विभिन्न स्थानों पर भी तैनात रहेगा। -अनिल कुमार, यातायात प्रभारी नारनौल।