फोटो संख्या:72- राजा राम पालड़ी श्री आदर्श रामलीला परिषद के रंगमंच पर नाटक गधे की बारात के मंचन
महेंद्रगढ़। व्यवस्थाओं पर करारे व्यंग्य के साथ राष्ट्र प्रसिद्ध नाटक गधे की बारात के मंचन के दौरान सैकड़ों की उपस्थिति में अनेक बार करतल ध्वनि के साथ कलाकारों का भरपूर साथ दिया। रामलीला परिषद के राजा राम पालड़ी रंगमंच पर रविवार रात को प्रसिद्ध नाटक गधे की बारात के एक-एक किरदार ने अपने अभिनय से उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुख्यातिथि आम आदमी पार्टी के महेंद्रगढ़ विधान सभा के प्रत्याशी मनीष यादव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति को अपने संस्कारों को जीवित रख राष्ट्र के निर्माण में अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज करवानी चाहिए। सप्तक कल्चर सोसायटी रोहतक द्वारा राजा राम पालड़ी रंगमंच पर अपने विश्व विख्यात नाटक गधे की बारात का 341 वां मंचन किया गया। नाटक में प्रस्तुत राजनीतिक विरासत के तमाम पहलू पर हास्य फुहार के साथ करारा व्यंग्य किया गया। नाटक में दर्शाया गया कि बहुमत के आधार पर किसी भी व्यक्ति को गधा साबित किया जा सकता है।
राष्ट्र प्रसिद्ध लोकगायक गुलाब सिंह खंडेलवाल ने भी अपनी मनमोहन रागनी के प्रस्तुतिकरण के साथ दर्शकों को खूब गुदगुदाया। नाटक के सभी कलाकारों को रामलीला परिषद की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंजू कौशिक, राजेश सैनी, चेतन प्रकाश गौड़, अनिल कौशिक, घीसा राम सैनी, आनंद शर्मा, प्रधान दिनकर बोहरा, गिरीश, प्रमोद तिवाड़ी मौजूद रहे।