महेंद्रगढ़। एक व्यक्ति की मौत होने पर परिजनों ने शहर की ऑटो मार्केट के नजदीक स्थित एक निजी अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में पूरे पैसे जमा कराने के बावजूद भी रेफर करने में दो घंटे का समय लगा दिया। हंगामे की सूचना के बाद शहर थाना प्रभारी भी टीम सहित माैके पर पहुंचे। परिजनों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव सौंप दिया।
परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पुत्र ललित सिंह निवासी गांव बुचावास ने बताया कि बुधवार रात को वह पिता विक्रम सिंह को शहर के एक हॉस्पिटल में लेकर आया था। उपचार के दौरान चिकित्सक व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण मौत हो गई। पूरे पैसे जमा कराने के बाद दूसरे अस्पताल में रेफर करने में दो घंटे का समय खराब कर दिया।
बार-बार कहने पर भी अस्पताल स्टाफ व चिकित्सक का व्यवहार ठीक नहीं रहा। बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में अस्पताल स्टाफ व चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना के बाद शहर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने अस्पताल परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा किया।
-
- वर्जन:
सूचना मिली थी कि एक निजी अस्पताल में कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। परिजनों की ओर से उपचार में लापरवाही बरतने व रेफर करने में अधिक समय लगाने का आरोप लगाया है। शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।
- निरीक्षक अनिल कुमार, शहर थाना प्रभारी