नारनौल। शहर में धनतेरस के बाद भी बाजार में खरीददारी के लिए लोगों की भारी भीड़ रही। बच्चे रंग बिरंगी लाइट तो महिलाएं दीये, पूजन का सामान खरीदती नजर आईं। महावीर चौक से लेकर रेलवे रोड, पुल बाजार, बस स्टैंड रोड, पार्क गली, आजाद चौक सहित शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर स्थित दुकानों पर भारी भीड़ रही। इसकी वजह से दिनभर जाम के हालात बने रहे। पुल बाजार में बाइक या रिक्शा प्रवेश करने से अनेक बार जाम जैसे हालात बन गए। इससे पैदल राहगीरों को भी काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
50 रुपये से 300 रुपये में मिल रही लक्ष्मी-गणेशजी की मूर्ति
लक्ष्मी गणेशजी की मूर्ति बेच रहे दुकानदारों ने बताया कि गणेश जी मूर्ति 50 रुपये से शुरू होकर 300 रुपये तक मिल रही थी। विशेष चमकदार मूर्तियों को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। दीवार पर चिपकाने वाली लक्ष्मी गणेशजी तस्वीर भी खूब बिक रही हैं, जिनकी कीमत 10 रुपये हैं। बाजार में लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पोस्टर, खील, पताशे तथा फल आदि की अनेक दुकानें लगी रही, जहां लोगों की भारी भीड़ रही। इनमें सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र लक्ष्मी गणेशजी की मूर्ति रही।
रंग बिरंगी लाइट खरीदने के लिए लोगों की रही भीड़
बाजार में रंग-बिरंगी लाइट बेच रहे दुकानदार विकास अग्रवाल ने बताया कि बाजार में इस बार विभिन्न प्रकार की लड़ियां आ रही है, जिनमें स्टार लड़ी, हरी पत्तियों की लड़ी, मोटे बल्ब की लड़ी शामिल है। इसके अलावा सबसे लंबी 300 फीट की लड़ी भी आ रही है। उन्होंने बताया कि इस बार लड़ी 50 रुपये से शुरू होकर 600 रुपये तक की आ रही है जिनकी लोगों में अच्छी मांग है।
भीड़-भाड़ वाली जगहों पर पुलिस रही तैनात
दीवाली पर बाजार में खरीदारी करने के लिए उमड़ रही लोगों की भीड़ को देखते हुए बाजार में जगह-जगह पुलिस तैनात की गई। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से महावीर मार्ग, मानक चौक तथा आजाद चौक आदि स्थानों पर पुलिस की तैनाती की। जिससे भीड़ में किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो सके।