कनीना। नगर पालिका पार्षद दीपक ने स्वास्थ्य मंत्री के चंडीगढ़ अवास पर मुलाकात कर कनीना क्षेत्र से जुड़ी मांगों को रखा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को बिजली बोर्ड के कनीना सब डिवीजन को डिवीजन का दर्जा की मांग उठाई गई।
पार्षद दीपक चौधरी ने बताया कि वर्तमान में कनीना बिजली विभाग डिवीजन के अंतर्गत बुचावास और कनीना के दो सब डिवीजन कार्यरत हैं। जबकि कनीना सब डिवीजन पर करीब 31 हजार उपभोक्ताओं का भार है। ऐसे में किसानों व उपभोक्ताओं को डिवीजन से संबंधित कार्यों के लिए महेंद्रगढ़ जाना पड़ता है।
कनीना सब डिवीजन को दो हिस्सों में बांटकर एक नया सब डिवीजन बनाया जाए, जिससे कनीना को डिवीजन का फायदा मिल सके। इससे ट्रांसफार्मर एलोकेशन, वर्क ऑर्डर, दस्तावेजी कार्य सहित सभी प्रशासनिक कार्य कनीना में ही संपन्न हो सकेंगे और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। साथ ही पार्षद दीपक चौधरी ने कनीना में लेबर चौक निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने बताया कि कनीना व आसपास क्षेत्र में मजदूरों की जरूरत को देखते हुए लेबर चौक का निर्माण किया जाना जरूरी है, ताकि मजदूरों को एक निर्धारित स्थान मिल सके व उन्हें इधर-उधर खड़े होकर परेशान न होना पड़े। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का आभार व्यक्त किया। इस दौरान देवेंद्र, गोविंद शर्मा, नरेंद्र, अनिल परदेशी मौजूद रहे।