नारनौल। नारनौल में रोडवेज व सहकारी समिति की कुल 144 बसों में से एक में भी शिकायत पेटी नहीं है। शिकायत के लिए उचित व्यवस्था का अभाव बसों में आए दिन बढ़ रही झगड़ों का एक मुख्य कारण है। पड़ताल में सामने आया कि यात्रियों की सुविधा के लिए कोई हेल्पलाइन नंबर कर नहीं है।
जब इसको लेकर रोडवेज बस के परिचालकों से बात की तो उन्होंने बताया कि बसों के अंदर उनके पास न तो शिकायत रजिस्टर उपलब्ध है और न ही कोई शिकायत पेटी है। हालांकि, बस स्टैंड परिसर में एक शिकायत रजिस्टर रखा गया है, जहां यात्री अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
इसके अलावा विभाग की ई-मेल आईडी पर भी शिकायत प्राप्त होती हैं लेकिन गत माह ई-मेल के माध्यम से मात्र पांच शिकायतें ही आईं हैं। ई-मेल के माध्यम से शिकायत करना केवल जागरूक यात्रियों के लिए संभव है जबकि आम यात्रियों के लिए बसों के भीतर सुविधाजनक नंबर या शिकायत पेटी का न होना परेशानी का कारण बन रहा है।
सहकारी समिति की बसों की स्थिति भी कुछ अलग नहीं पाई गई। जांच के दौरान इन बसों में न तो कोई शिकायत नंबर लिखा मिला और न ही शिकायत पेटी लगी हुई थी। परिचालकों से बातचीत में कुछ ने शिकायत रजिस्टर होने की बात कही जबकि कई ने इसके न होने की बात कहीं।
जनपरिवेदना समिति की बैठक में उठ चुका मुद्दा
यात्रियों की शिकायत व्यवस्था न होने और परिचालकों की बदसलूकी को लेकर जनपरिवेदना समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठ चुका है। हाल ही में एक छात्रा का वीडियो वायरल होने व चार दिन पहले महेंद्रगढ़ में छात्रों के बीच हुए झगड़े ने इस समस्या को फिर से उजागर कर दिया है। बसों में शिकायत नंबर या पेटी अगर लगी हो आमजन कहीं भी रास्ते में अपनी बदसलूकी की बात अधिकारियों तक पहुंचा सकता है जिससे चालक व परिचालक के साथ झगड़े की नौबत न आए।
आरटीए ने भी शिकायत रजिस्टर रखने की कही थी बात
बसों में आमजन को सुविधा व झगड़ों पर रोक लगाने के लिए पिछले सप्ताह आरटीए मनोज कुमार ने सहकारी समिति के बस संचालकों की बैठक भी ली थी। इसमें उन्होंने संचालकों को बस के अंदर शिकायत रजिस्टर व नंबर लिखने की बात कही थी। परंतु इस पर अभी पूरी गंभीरता से कार्य नहीं किया जा रहा है।
वर्जन
सहकारी समिति की लगभग सभी बसों के पीछे मालिक के नंबर होते हैं। यात्री किसी भी समस्या को बता सकते हैं। जिन बसों में शिकायत रजिस्टर नहीं है उनमें बात करके शिकायत रजिस्टर लागू कराया जाएगा।-धनसिंह, प्रदेश अध्यक्ष सहकारी परिवहन समिति
वर्जन
रोडवेज बसों में सफर करने वाले आमजन की शिकायत के लिए बस स्टैंड पर रजिस्टर रखा हुआ है। इसके अलावा ई-मेल पर भी शिकायत आती है। आमजन व्हाट्सएप पर भी शिकायत भेजते हैं जिनका निवारण किया जाता है। बसों के अंदर शिकायत नंबर लिखवाने का कार्य कराया जाएगा।-देवदत्त, महाप्रबंधक, नारनौल डिपो