सतनाली में चोरों द्वारा बिखेरा गया सामान। संवाद
- फोटो : Narnol
कस्बे के थाने के साथ लगते छह घरों में चोरी हो गई और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। पुलिस को चोरी के बारे में जानकारी मिली है पर अभी तक किसी ने शिकायत नहीं दी है।
वीरवार की रात में नकाबपोश चोरों ने कस्बे के छह घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कस्बे में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में चोर बेखौफ होकर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में पांच नकाबपोश युवक हाथ में लाठी और टॅार्च लेकर घरों में झांकते और हाथों में सामान लेकर भागते नजर आ रहे हैं। चोरों ने जिन घरों को निशाना बनाया है उनमें से अधिकर बंद थे। सुबह आसपास के लोगों ने ताले टूटे देखकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके मुआयना किया। मकानों में कपड़े और सामान इधर-उधर फेंके गए मिले। मकान मालिकों के नहीं होने के कारण नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। चोरी हुए घरोें के पांच मालिक परिवार के साथ बाहर गए हुए हैं। इसके अलावा एक मकान में चोरों ने गेट पर लगा ताला तोड़कर खोलने का प्रयास किया, लेकिन आवाज सुनकर मकान मालिक जाग गया।
सतनाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बंद मकानों में चोरी की सूचना मिली है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी। अभी तक लिखित में शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।