महेंद्रगढ़। गांव मेघनवास के एक युवक ने सोमवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मंगलवार को मृत युवक के पिता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
पिता ने पुलिस को दी शिकायत में तीन नामजदों पर बेटे को आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कपिल व रविंद्र निवासी मेघनवास व विकास उर्फ विक्की निवासी राता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मेघनवास निवासी 27 वर्षीय सचिन ने सोमवार देर रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पिता आजाद सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके लड़के सचिन ने सोमवार देर रात घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके फोन की कॉल रिकार्डिंग में वह दो लोगों के नाम ले रहा है जिन्हें आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहरा रहा है।
उसके दोस्त के चाचा की एक वीडियो भी सामने आई है। इसमें वह उसके लड़के को डंडा लेकर धमका रहा है। पिता ने शिकायत में बताया कि बेटे को धमकाकर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है।
-
- वर्जन:
मृत युवक के पिता ने तीन नामजदों के खिलाफ शिकायत दी थी। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेटर संदीप, सदर थाना प्रभारी महेंद्रगढ़।