गुड़गांव के एक होटल के बेसमेंट से पुलिस ने चंदन की लकड़ी उतारते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक युवक महेंद्रगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने उसे कोर्ट के आदेश पर भोंडसी जेल भेज दिया है।
गुड़गांव के डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार रात चंदन तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर साढ़े छह टन चंदन की लकड़ी बरामद की। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 26 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
अदालत ने राजस्थान के राजेंद्र को रिमांड पर भेज दिया है। वहीं सुखपाल को भोंडसी जेल भेज दिया। थानाधिकारी ने बताया कि रात में एक गुप्त सूचना मिली थी। इसमें मालूम हुआ कि डीएएलएफ फेज-1 के एफ ब्लॉक स्थित एक सनब्रीट नामक होटल के बेसमेंट से रक्त चंदन की तस्करी की जाती है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होटल पर छापा मार ट्रक से लकड़ी उतारते दो युवकों को काबू कर लिया, जबकि 4 अन्य भाग गए। पुलिस ने मौके से करीब साढ़े छह टन लकड़ी बरामद की।