फोटो 1 प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे फुटबॉल के खिलाड़ी।स्रोत:ग्रामीण
नांगल चौधरी। गांव कालबा में रविवार को फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देना और युवाओं में अनुशासन की भावना मजबूत करना रहा। प्रतियोगिता का आयोजन सेवानिवृत्त हवलदार एवं सरपंच प्रतिनिधि अशोक कुमार ने किया।
कार्यक्रम में पीजी कॉलेज के प्रोफेसर नरेश यादव मुख्य अतिथि रहे। प्रतियोगिता में गांव की दो टीमों ने हिस्सा लिया। कप्तान मनोज की टीम ने रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिये विपक्षी टीम को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी पहुंचे।
मुख्य अतिथि प्रो. नरेश यादव ने खिलाड़ियों को हर महीने दो फुटबॉल देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है जरूरत उन्हें सही मंच और सुविधाएं देने की है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ पढ़ाई पर ध्यान देने और अनुशासन अपनाने का आह्वान किया।