नारनौल। जिले में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के व्यवस्थित आयोजन के लिए 51 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र महिलाओं के रजिस्ट्रेशन कर रही हैं।
इसको लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बैठक करके दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला महेंद्रगढ़ की तरफ से अतिरिक्त उपायुक्त व मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद उदय सिंह ने इस योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जी अनुपमा ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में इस योजना के तहत अधिक से अधिक संख्या में पात्र महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएे।
उन्होंने अधिकारियों को योजना के प्रचार-प्रसार और पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर देने को कहा।
एडीसी ने बताया कि जिले में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए 51 टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि इन टीमों का गठन 7-8 गांवों के समूह पर किया गया है, जहां पात्र महिलाएं आकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन महिलाओं को योजना के रजिस्ट्रेशन में कोई दिक्कत आती है, वे ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए कॉमन प्वाइंट लर्निंग ऑर्गनाइजेशन/सेंटर से अपना पंजीकरण करवा सकती हैं।