फोटो 20 कथा का आनंद लेती श्रद्धालु महिलाएं। आयोजक
नांगल चौधरी। बिजली बोर्ड मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनमोहक वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। विशेष रूप से कालिया नाग दमन की लीला और गोवर्धन पूजा की झांकी ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर भगवान गिरिराज की आकर्षक झांकी सजाई गई व अन्नकूट प्रसाद का भव्य वितरण किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
कथा वाचक शिवा भारद्वाज ने श्रीकृष्ण जन्म और उनकी दिव्य बाल लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण और सरल शब्दों में वर्णन किया। उनके द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक प्रसंगों ने श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति की गहरी छाप छोड़ी।