नारनौल। नारनौल शहर के सभी शिवालयों में सोमवार को लोगों की भारी भीड़ रही। शिवालयों में बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।लोगों ने भगवान शंकर को प्रसन्न करने के लिए उन्हें फल, फूल, धूप, दीप व बेलपत्र, दूध, दही, भांग व धतूरा आदि अर्पित किए।
सावन का पहला सोमवार होने के चलते वैसे तो शहर के सभी शिवालयों में भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ प्राचीन मोड़ावाला मंदिर व छोटा-बड़ा तालाब शिव मंदिर में रही। इन प्राचीन मंदिरों में लोगों भीड़ सुबह से ही लगी रही। लोगों को भगवान शंकर का जलाभिषेक करने के लिए काफी देर-देर तक इंतजार करना पड़ा। मोड़ावाला शिव मंदिर में आचार्य शशिकांत शास्त्री द्वारा रूद्राभिषेक करवाया गया। आचार्य ने बताया कि आज सावन के पहले सोमवार को यह रूद्राभिषेक विशेष फल देने वाला होता है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा पूरे सावन अन्य पंडितों के साथ मोड़ावाला मंदिर में भगवान शंकर के जाप भी किए जा रहे हैं। मोड़ावाला मंदिर व छोटा-बड़ा तालाब पर सावन महीने को लेकर रोजाना सुबह शाम भव्य आरती भी की जाएगी।