गांव डिगरोता में चोरों ने घर में घुसकर 1 लाख 27 हजार रुपये चोरी कर लिए। चोरों की यह करतूत सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। चोरों ने करीब एक घंटे तक घर के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी ली। उनके हाथ में चाकू, पेचकस थे। मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था।
गांव डिगरोता निवासी अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में ही उन्होंने मकान बनाया हुआ है। किसी काम के लिए एक लाख 27 हजार रुपये नकद लाकर घर में रखे हुए थे। सुबह उठकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा हुुआ था। अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे। घर के सामान को चेक किया तो नकदी गायब मिली। अशोक ने बताया कि जब घर के सीसीटीवी चेक किए तो दो लोग घर में दिखाई दिए। यह लोग रात के समय 12.45 पर घर में घुसे। करीब एक घंटे 1.45 तक घर के अलग-अलग हिस्से में तलाशी लेते रहे। दोनों लोगों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। इन दोनों ने अपने हाथ में बड़े आकार का चाकू तथा पेचकस लिया हुआ था। पेचकश से घर की अलमारी -तालों को खोलते रहे। घर के सामान की तलाशी के बाद नकदी चोरी की। पुलिस ने मौके की जांच के बाद फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया। चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।