नांगल चौधरी। शहर में बिना मान्यता के संचालित हो रहे एक निजी स्कूल पर मंगलवार को शिक्षा विभाग की टीम ने छापा डाला। इस दौरान स्कूल में बच्चे पढ़ रहे थे, जबकि स्कूल खोलने को लेकर वैध पत्र नहीं मिला।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल को मान्यता मिलने तक नहीं खोलने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि बुधवार से संचालक स्कूल को खोलकर बच्चों को पढ़ाते मिला तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नांगल चौधरी क्षेत्र में कई निजी स्कूल हैं। विभाग को शिकायत मिल रही थी कि कुछ स्कूल बिना मान्यता के खुले हैं।
विज्ञापन
इसमें पढ़ रहे बच्चों का एडमिशन किसी अन्य स्कूलों में और पढ़ाई दूसरे स्कूलों में हो रही है। शिकायत मिलने पर मंगलवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुनीता यादव व प्राचार्य बस्तीराम अपनी टीम के साथ एक निजी स्कूल में पहुंचे। टीम के वहां पहुंचने पर कक्षा पहली से 10वीं कक्षा के करीब 70 बच्चे पढ़ाई करते मिले।
मौके पर सभी दस्तावेजों व रजिस्टर की जांच की। वहीं स्कूल मान्यता व बच्चों के एडमिशन को लेकर पूछा तो न तो मान्यता के कागज थे और न ही बच्चों के एडमिशन मिले। संचालक ने एडमिशन के बारे में बताया कि अभी बच्चे दूसरे स्कूलों से आए हैं, जब मान्यता मिल जाएगी तो स्कूल में एडमिशन भी कर लिए जाएंगे। मान्यता के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।