घर से भागे प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर जान देने का कोशिश की। दोनों की हालात गंभीर होने पर उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। गांव बेवल में प्राईवेट स्कूल के पास दोनों गंभीर हालत में पुलिस को मिले थे। प्रेमी युवक भिवानी जिले के झोंझू गांव का रहने वाला है।
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के एक गांव से कुछ दिन पहले किशोरी लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने भिवानी जिले के झोंझू गांव निवासी एक युवक पर किशोरी को बहला- फुसलाकर भगाकर ले जाने का आरोप लगाया था और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रखा था। तफ्तीश में पुलिस को पता चला कि दोनों में प्रेम प्रसंग था और घर से भाग गए है। पुलिस और परिजन प्रेमी जोड़े की तलाश कर रही थी।
सोमवार रात गांव बेवल के एक प्राईवेट स्कूल के पास ग्रामीणों ने लड़का और लड़की को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस को बताया गया कि दोनों बाइक से गांव में आए तथा जहरीला पदार्थ खा लिया। प्रेमी युगल की हालत बिगड़ने पर पुलिस उन्हें तुरंत महेंद्रगढ़ अस्पताल लेकर गई, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।