फोटो संख्या:69- गोशाला रोड से माजरा चुंगी तक सड़क से निकली रोड़ियां---संवाद
महेंद्रगढ़। तीन साल पहले तकरीबन 57 लाख रुपये से बनी शहर की सबसे व्यस्त गोशाला से मसानी चौक तक सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। तीन माह से लोग इसके हालात सुधारने की मांग कर लेकिन जिम्मेदारों की ओर से कोई सुध नहीं ली जा रही है।
आए दिन इस एक किलोमीटर के सड़क पर उखड़े रोड़े व गड्ढों के कारण औसतन तीन हादसे हो रहे हैं। लोगों की मांग के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। यह सड़क करीब 50 गांवाें की आबादी को शहर से जोड़ने के लिए है। प्रतिदिन पांच हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं।
श्री गोशाला के सामने मुख्य द्वार के पास दो-दो फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। मसानी माता मंदिर के पास तो कुछ दिन पूर्व लोगों ने सड़क पर रोड़े डालकर गड्ढों को भी भरने का प्रयास किया था। इस सड़क से करीब 150 स्कूल की बसें गुजरती हैं। बारिश के बाद अब इन गड्ढों में चलना भी मुश्किल हो रहा है। नगर पालिका ने तीन वर्ष पहले यह बनवाई थी। महज छह महीने बाद ही टूटने लगी थी। वर्तमान में सड़क जर्जर है जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
-
वर्जन:
शहर में कई सड़कों व गलियों के निर्माण का कार्य चल रहा है। प्रथम चरण में जो सड़कें अधिक बदहाल अवस्था में हैं उनकी मरम्मत व नव निर्माण कराया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से बदहाल सड़कों पर पैचवर्क के लिए 25 लाख रुपये का टेंडर अलॉट किया हुआ है। इस सड़क पर जल्द ही पैचवर्क कराया जाएगा।
- रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:69- गोशाला रोड से माजरा चुंगी तक सड़क से निकली रोड़ियां---संवाद