महेंद्रगढ़। शहर के परशुराम चौक से मसानी चौक सड़क का निर्माण करीबन तीन माह पहले कराया गया, लेकिन नगर पालिका सड़क के बाद नालियां और ब्रेकर बनाना भूल गई। नप की भूल का खामियाजा स्थानीय लोगों व दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। अब उन्होंने नगर पालिका से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
नागरिकों ने बताया कि करीबन तीन माह पहले नगर पालिका की ओर से करीबन दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया था। इससे लोगों को आवागमन में राहत तो मिली लेकिन नालियां या स्पीड ब्रेकर अभी तक नहीं बन पाए हैं। अगर यहां पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं तो वाहनों की गति व दुर्घटना नियंत्रित हो सकती है।
नगर पालिका पर जिम्मेदारी भूलने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अधिकारी हर रोज यहां आवागमन करते हैं और उनको मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया है लेकिन अभी तक किसी अधिकारी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। उन्होंने जल्द समाधान न होने पर जिला उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्या रखने की चेतावनी दी है।
- नागरिक बोले
नालियां न होने से दुकान व मकान की नींव में पानी जाने से नमी आने से दीवारें खराब हो रही हैं। इससे पूरे मकान में सीलन रहती है। नगर पालिका को जल्द इस पर ध्यान देकर समाधान करना चाहिए।
-अनिल खेतान, स्थानीय निवासी
स्पीड ब्रेकर और नालियां मुख्य समस्या बन चुके हैं। कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। दुकानों की दीवारों व मकानों में नाली के पानी से सीलन आनी शुरू हो गई है।
अरविंद खेतान, दुकानदार
नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा फिलहाल लेबर की सुविधा न होने के कारण कार्य अधूरा है। अब जल्द ही नालियों का निर्माण करवाकर निवासियों को राहत प्रदान की जाएगी। साथ ही ब्रेकर भी बनवा दिए जाएंगे।
-रमेश सैनी, चेयरमैन, नगर पालिका महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:58- अरविंद---संवाद
फोटो संख्या:58- अरविंद---संवाद