महेंद्रगढ़। बारिश के मौसम में भी क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से राहत नहीं मिल रही है। नहरों में पर्याप्त पानी नहीं आने के कारण जनस्वास्थ्य विभाग को पानी की सप्लाई राशनिंग के आधार पर करनी पड़ रही है। शहर को रोज करीब 6.45 लाख लीटर पानी की जरूरत है लेकिन फिलहाल केवल 3.20 लाख लीटर पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है।
पानी की कमी के चलते कई इलाकों में लोगों को तय समय पर भी पानी नहीं मिल रहा है। कहीं आधे घंटे तो कहीं एक घंटे तक ही सप्लाई हो रही है। इसके बाद भी कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा जिसके कारण लोग मजबूरी में टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं।
विभाग के अनुसार जुलाई में नहरों में पानी का स्तर काफी कम रहा। देवास स्थित नहरी जलघर में 85 लाख लीटर क्षमता वाले चार टैंक हैं जिनमें से दो टैंकों में ही आधा पानी बचा है। आगामी नहरी बारी तक पानी बचाए रखने के लिए सप्लाई नियंत्रित की जा रही है।
अधिकारियों को उम्मीद है कि अगस्त में नहरों में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सकेगी। फिलहाल क्षेत्रवासी पानी की पर्याप्त आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं।
बॉक्स
एक दिन के अंतराल पर पानी आ रहा है। यह पानी भी शुद्ध नहीं है। घर में पानी संग्रहण के लिए व्यवस्था तो उचित है लेकिन पानी बहुत समय तक आता है।-रोहताश, मोहल्ला तिवाड़ियान
कम पानी आपूर्ति होने से पिछले माह ही 5 लीटर पानी का टैंकर डलवाया है। अब अगर इस माह भी यहीं हाल रहा तो पूरी तरह टैंकर पर निर्भर होना पड़ेगा। पानी में उचित सफाई नहीं है।-मनीष राजपूत, मोहल्ला राठौड़ान
-
वर्जन:
शहर में पेयजल आपूर्ति हर तीसरे दिन एक घंटे तक की जा रही है। आगामी नहरी सीजन तक काम चलाने के लिए राशनिंग की जा रही है। फिलहाल 1 अगस्त से नहरों की पानी का स्तर बढ़ा है। अब टैंक भरने के लिए कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही पानी की स्टॉक किया जाएगा। राशनिंग से पानी की बचत हो रही है। -जियालाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, महेंद्रगढ़