फोटो नंबर-09नारनौल में सीवरेज की सफाई करते कर्मचारी। संवाद
नारनौल। शहर में मुख्य सीवरेज लाइन की समस्या से अब आमजन को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए लिए जन स्वास्थ्य विभाग ने टेंडर लगाने की तैयारी कर ली है। विभाग की तरफ से 29 अक्तूबर को टेंडर ओपन किया जाएगा। विभाग द्वारा इससे पहले भी कई बार टेंडर ओपन किए जा चुके हैं मगर एजेंसियों ने कार्य को लेकर उत्साह नहीं दिखाया। वहीं जिन एजेंसियों ने आवेदन किया था बाद में किसी कारणवश अपना आवेदन वापिस ले लिया। जिस कारण लंबे समय से शहर में मुख्य सीवरेज लाइन की सफाई का कार्य नहीं हो पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार सीवरेज की मुख्य लाइन की सफाई का कार्य साल में एक बार किया जाता है ताकि मुख्य लाइन में जाम की स्थिति नहीं बने और सीवरेज व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहें। मुख्य लाइन की सफाई नहीं होने के कारण सीवरेज लाइन में जगह-जगह सीवर लीकेज की समस्या बन जाती है, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में भी मुख्य लाइन की सफाई नहीं होने के कारण पार्क गली और रेस्ट हाउस सहित शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। अगर इस बार भी कोई कंपनी टेंडर में उत्साह नहीं दिखाती है तो कुछ समय बाद दोबारा टेंडर ओपन किया जाएगा।
टोल फ्री नंबर पर कर सकते हैं सीवर लीकेज की शिकायत दर्ज
मुख्य लाइन के अलावा अलग-अलग मोहल्ले और रिहायशी क्षेत्र में बने सीवरेज की सफाई के लिए जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा 4 टीमों का गठन किया गया है। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के पास सीवरेज की सफाई के लिए एक जेटिंग मशीन है यह मशीन सीवर को साफ करने और लीकेज को दूर करने के काम आती है, जो सीवर में जमा गंदगी को वैक्यूम के माध्यम से खींच लेती है।
हमारा प्रयास है कि सीवरेज व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहें ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सीवर की मुख्य लाइन की सफाई का कार्य साल में एक बार किया जाता है। सीवरेज की मुख्य लाइन की सफाई के लिए 29 अक्तूबर को टेंडर ओपन किया जाएगा। पहले भी दो बार टेंडर ओपन किया जा चुका है। वहीं ग्रुप सीवरेज की सफाई के लिए 4 टीमों का गठन किया गया है और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विभाग के पास मौजूद है।
आकाश यादव, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, नारनौल।