नारनौल। लोकतंत्र की मूल भावना को समझाने और विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से एससीईआरटी व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान महेंद्रगढ़ के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मूलौदी में किया गया। इसमें हिस्सा लेने वाले विपक्ष की भूमिका निभा रहे प्रतिभागियों ने तीखे सवाल उठाए।
पर्यवेक्षक डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि डायट प्राचार्य सुनील दत्त यादव के नेतृत्व में जिलास्तरीय युवा सांसद प्रतियोगिता का आगाज सोमवार को हुआ । इसका शुभारंभ प्राचार्य सरिता यादव और प्रवक्ता डॉ. राकेश यादव ने किया। प्रतियोगिता में खंड स्तर पर चयनित विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।
बच्चों ने संसद की कार्यवाही का संजीव मंचन करते हुए प्रश्नकाल, शून्यकाल, नीतिगत चर्चा और विधेयकों पर बहस जैसे सत्रों का प्रस्तुतीकरण किया। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली तर्कों, वाकपटुता और संसदीय व्यवहार से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कभी विपक्ष ने तीखे सवाल उठाए तो कभी सत्ता पक्ष ने ठोस दलीलों से उनका जवाब दिया। इस अवसर पर डॉ. राकेश यादव एवं डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिता लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति की कला तथा संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
डॉ. किरण ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नागरिक और नेता हैं, यदि वे लोकतांत्रिक परंपराओं को गहराई से समझेंगे तो समाज और राष्ट्र का भविष्य मजबूत होगा। प्रवक्ता ऋतुराज गौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री के रूप में सोनू कुमारी, नेता प्रतिपक्ष के रूप में पूनम कुमारी तथा मंत्रिमंडल में मंत्रियों के रूप में महक, अनिरुद्ध, जयपाल आदि बच्चों ने शानदार भूमिका निभाई ।
निर्णायक मंडल ने किया अवलोकन
जिलास्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में आज पहली प्रतियोगिता खंड नांगल चौधरी के विद्यालय मूलौदी स्कूल में हुई । इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में डायट प्रवक्ता डॉ. राकेश कुमार, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. किरण यादव और अकबरपुर से प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा मौजूद रहे । निर्णायकों ने विद्यार्थियों के तर्क, प्रस्तुति, विषय पर पकड़ और संसदीय आचार-व्यवहार के आधार पर अवलोकन किया। जिलास्तर पर भाग ले रहीं पांचों टीमों में से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।