फोटो संख्या:69- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में मरीज की जांच करते डॉ. राहुल यादव---संवाद
महेंद्रगढ़। कड़ाके की ठंड में जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ठंड बढ़ते ही बुजुर्गों के साथ-साथ अब युवा वर्ग भी कमर दर्द, घुटनों के दर्द और कंधों की समस्याओं से जूझता नजर आ रहा है। वहीं नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 50 से अधिक मरीज जोड़ों के दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों में सबसे अधिक संख्या घुटनों के दर्द से पीड़ित लोगों की है। इसके अलावा कमर दर्द, कंधे में जकड़न, गर्दन दर्द और हाथ-पैरों में अकड़न की समस्या लेकर भी लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार ठंड के मौसम में शरीर की मांसपेशियां सिकुड़ जाती हैं जिससे रक्त संचार प्रभावित होता है और जोड़ों में दर्द बढ़ जाता है। विशेषकर गठिया, सर्वाइकल और स्लिप डिस्क जैसी पुरानी बीमारियों से ग्रसित मरीजों को इस मौसम में अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कई मरीज ऐसे भी हैं जिन्हें कामकाज के दौरान लंबे समय तक बैठने या भारी सामान उठाने के कारण कमर और कंधों में तेज दर्द की शिकायत हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्ग मरीजों की संख्या भी इन दिनों अस्पताल में बढ़ी है।
वर्जन
सर्दी में जोड़ों को गर्म रखना जरूरी है। ठंड में खान-पान का विशेष ध्यान रखें। कैल्शियम और विटामिन-डी युक्त आहार लेने से हड्डियां मजबूत रहती हैं और जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है। समय पर इलाज और सावधानी बरतने से जोड़ों के दर्द की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।-डॉ. राहुल यादव, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़