फोटो संख्या:58- लोक निर्माण विश्राम गृह में शहर के विकास कार्याें को लेकर नगर पालिका प्रधान, पा
- फोटो : 1
महेंद्रगढ़। नगर पालिका में विकास कार्यों को लेकर उठे सवालों पर संज्ञान लेते हुए विधायक कंवर यादव ने शुक्रवार को अधिकारियों व पार्षदों की बैठक ली। विधायक व एसडीएम योगेश सैनी ने अधिकारियों को प्रधान की और से की गई शिकायतों का शीघ्रता से जवाब देने के आदेश दिए।
प्रधान रमेश सैनी ने दो महीने में दस से अधिक शिकायत पत्र भेजे। इनमें नपा सचिव, एमई व अन्य अधिकारियों पर विकास कार्याें में अनियमितता बरतने के आरोप लगाते हुए नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था लेकिन अधिकारियों ने किसी भी पत्र का जवाब नहीं दिया।
विधायक कंवर सिंह यादव ने प्रधान की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह बैठक बुलाई थी। इस बैठक के अधिकारियों के साथ-साथ पार्षदों को भी शामिल होना था लेकिन महज चार ही पार्षद शामिल हुए।
पार्षदों व प्रधान के बीच चल रही कहासुनी को लेकर विधायक ने मिलजुलकर शहर के विकास को गति देने की नसीहत दी। इस बैठक में पालिका अभियंता राजेश कौशिक, कनिष्क अभियंता नवदीप, पार्षद प्रतिनिधि संजय राठी, पार्षद विष्णु बाल्मीकि, पार्षद देवेंद्र सैनी एवं मनोनीत पार्षद मुकेश कुमार भी उपस्थित रहे।
टेंडरों की सूची तत्काल जारी करने के निर्देश
इस मामले में प्रधान की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम योगेश सैनी ने नपा अधिकारियों से अब तक पूर्ण किए गए विकास कार्यों, वर्तमान में चल रहे कार्यों व जारी टेंडरों की सूची तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
-
नपा प्रधान ने फिर उठाए सवाल
प्रधान रमेश सैनी ने कहा कि अधिकारी विकास कार्यों के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं और उनकी ओर से भेजे गए नोटिसों का भी समय पर जवाब नहीं दिया जा रहा है। इस पर विधायक और एसडीएम ने सभी मामलों में त्वरित और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। भेजे गए सभी पत्रों पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।