नारनौल। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने रविवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक लेकर शहर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम मनोज कुमार, नगर परिषद ईओ अभय सिंह यादव व मार्केट कमेटी के एक्शन अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।
मंत्री यादव ने अधिकारियों को कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को शीघ्र से शीघ्र अमलीजामा पहनाया जाए। उन्होंने कहा कि माली टिब्बा व मोहल्ला बावड़ीपुर में सामुदायिक भवन का निर्माण जल्द कार्य करवाया जाए। साथ ही शोभा सागर में जो सामुदायिक भवन बना हुआ है, उसका नवीनीकरण किया जाए। नगर परिषद में नए भवन का निर्माण व पुराने कोर्ट में बनने वाले शॉपिंग कॉम्पलेक्स का कार्य भी जल्द शुरू करवाया जाए। इसके अलावा वाहनों के शहर में बढ़ते आवागमन को देखते हुए स्थानीय महाराजा अग्रसेन चितवन वाटिका को अंडर ग्राउंड पार्किंग का काम जल्द से जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने शहर में चल रहे सीवरेज के कार्य को पूर्ण हो जाने पर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करने व रेलवे रोड पर भरे पानी का समाधान करने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी आदेश दिए कि मार्केट कमेटी क्षेत्र में जो नए गांव शामिल किए गए हैं, उनकी साफ-सफाई की व्यवस्था तथा शहरों को मिलने वाली सभी सुविधाओं का ध्यान दिया जाए।
यादव ने मार्केट कमेटी में जोड़े गए नए गांवों की वार्डबंदी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी आदेश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित राशि लोगों को शीघ्र दी जाए। उन्होंने अधिकारियों कहा कि मानसून आने वाले है, ऐसे में शहर के सभी नालों व रास्तों को दुरुस्त किया जाए। इस अवसर पर निजी सचिव गजेंद्र यादव, युवा भाजपा नेता सोमेश यादव, मेजर ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।