मंडी अटेली। 21 कुमाऊं रेजिमेंट इन्फेंट्री के सेवानिवृत्त सैनिकों का मिलन समारोह बुधवार को आस्था पार्क में किया गया। इस अवसर पर देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों ने मेल-मिलाप कर पुराने दिनों की यादें ताजा की।
विज्ञापन
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूबेदार बलबीर ने की जबकि संचालन नायक प्रीतम सिंह ने किया। मिलन समारोह में सूबेदार महेन्द्र, सूबेदार चंद्रभान, सूबेदार कर्णसिंह, सूबेदार सतबीर, हवलदार मदनपाल व हवलदार सतीश सहित कई सेवानिवृत्त सैनिकों ने भाग लिया।
ये सभी सैनिक 21 कुमाऊं रेजिमेंट के सदस्य रहे हैं और मूलरूप से मेरठ क्षेत्र से संबंध रखते हैं। कार्यक्रम में शामिल सभी सैनिकों ने राष्ट्र की सेवा के दौरान अपने अनुभव साझा किए और सैनिक एकता, अनुशासन व देशभक्ति के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर यूनिट के शहीद सिपाही रमेश चंद की वीरांगना को सम्मानित किया गया।