फोटो संख्या:52 शोरूम में ग्राहकों को फ्रीज की जानकारी देता सेल्समैन। संवाद
महेंद्रगढ़। गर्मी शुरू होते ही बाजार में फ्रीज की मांग तेजी से बढ़ने लगी है। शहर के विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में प्रतिदिन करीब 30 फ्रीज की बिक्री हो रही है। फ्रिज की आपूर्ति महेंद्रगढ़ में गुरुग्राम व करनाल से हो रही है। इन शहरों से नियमित रूप से स्टॉक आ रहा है। बाजार में फ्रिज 12 हजार रुपये से 80 हजार रुपये तक बिक रहे है।
दुकानदार सुभाष, मनीष खुराना, शिव शंकर ने बताया कि इस बार गर्मी जल्द शुरू होने के कारण मार्च महीने से ही ग्राहक फ्रिज लेने के लिए पहुंच रहे हैं। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए नए फ्रिज खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। खासकर मध्यम वर्ग के परिवार सिंगल डोर और डबल डोर फ्रिज की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि छोटे परिवारों के लिए किफायती फ्रिज उपलब्ध हैं जबकि बड़े परिवारों और आधुनिक सुविधाओं वाले फ्रिज के दाम अधिक हैं।दुकानदारों का कहना है कि इस बार कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है। पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है जिससे फ्रिज की मांग और तेज हो सकती है।
ग्राहक राहुल यादव, ढिल्लू, रूपेश ने बताया कि बढ़ती गर्मी में फ्रिज अब जरूरत बन चुका है, न कि सिर्फ सुविधा। ठंडा पानी, फल-सब्जियों को सुरक्षित रखने और रोजमर्रा की जरूरतों के चलते नए फ्रीज खरीद रहे हैं।