फोटो संख्या:72-गांव बुचौली जोहड़ में कम पानी--संवाद
महेंद्रगढ़। सतनाली और महेंद्रगढ़ में चल रही विभिन्न परियोजनाओं को बरसाती मौसम में तीन माह में मिलने वाले जेएलएन के अतिरिक्त पानी से भरने के लिए सिंचाई एवं नहर विभाग ने कमर कस ली है।
विभाग की ओर से तीन माह के समय में नहरी पानी से जुड़े जोहड़ों की सभी लाइनों को दुरुस्त किया जाएगा।
महेंद्रगढ़ विधायक भी पिछले एक सप्ताह में दो बार अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं को शीघ्रता से पूरा करने के आदेश दे चुके हैं। वहीं नहर एवं सिंचाई विभाग ने विशेषकर कच्चे जोहड़ों से जुड़ी नहरी लाइनों को दुरुस्त करने का काम भी शुरू कर दिया है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान गांव बुचौली, सुरजनवास व डुलाना के जोहड़ों से जुड़ी नहरी लाइनें ठीक कर इनमें पानी भी पहुंचाना शुरू कर दिया। लेकिन तीन दिन से जेएलएन में पानी बंद होने से यह जोहड़ नहीं भरे जा सके। बता दें कि अमर उजाला की ओर से 25 जनवरी से शुरू किए गए महेंद्रगढ़ मांगे पानी अभियान का असर होने लगा है। पिछले एक सप्ताह के दौरान नहर एवं सिंचाई विभाग के साथ-साथ जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दो बार बैठक कर चल रही योजनाओं को तेजी से पूरा करने की योजना तैयार कर चुके हैं।
विधायक स्वयं विभिन्न परियोजनाओं पर अधिकारियों से समीक्षा कर रहे हैं। मार्च में हुई फ्लड कंट्रोल बोर्ड की बैठक में महेंद्रगढ़ व सतनाली क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं के लिए 60 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति दी थी। विभाग भी इस पर तेजी से काम कर रहे हैं। जिले के 200 से अधिक जोहड़ों को नहरी पानी से जोड़ा जा चुका है लेकिन इनमें से अनेक की लाइनें क्षतिग्रस्त होने से पानी नहीं पहुंच रहा है।
फोटो संख्या:72-गांव बुचौली जोहड़ में कम पानी--संवाद