संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। सर्दी के मौसम में गोंद का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। ठंड बढ़ने के साथ ही लोग अपनी सेहत को मजबूत बनाए रखने के लिए गोंद के लड्डू, हलवा और अन्य पारंपरिक खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं। इसी कारण बाजार में गोंद की मांग लगातार बढ़ रही है और इसके भाव भी स्थिर बने हुए हैं।
शहर के बाजारों में इन दिनों गोंद 220 से 280 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। गुणवत्ता और प्रकार के अनुसार इसके दामों में अंतर देखा जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार सर्दी के शुरुआती दिनों से ही गोंद की मांग अच्छी बनी हुई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सर्दी से बचाव और शरीर को गर्म रखने के लिए गोंद का अधिक उपयोग कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि महेंद्रगढ़ क्षेत्र में सर्दी के मौसम में प्रतिदिन करीब 20 क्विंटल गोंद की खपत हो रही है। यह खपत स्थानीय बाजारों के साथ-साथ आसपास के गांवों तक पहुंच रही है।
गोंद की अधिक मांग के चलते थोक और खुदरा दोनों स्तरों पर कारोबारियों को अच्छा लाभ मिल रहा है। बाहर से भी मांग के अनुसार गोंद मंगवाया जा रहा है, ताकि बाजार में आपूर्ति बनी रहे। महेंद्रगढ़ में सर्दी के मौसम ने गोंद के कारोबार को नई गति दी है।
बॉक्स
सर्दी के मौसम में गोंद से बने व्यंजन शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं और ठंड से लड़ने में मदद करते हैं। इसी वजह से ग्राहक बड़ी मात्रा में गोंद की खरीदारी कर रहे हैं।-अजय कौशिक, दुकानदार
बॉक्स
पहले जहां गोंद की खरीद सीमित रहती थी, वहीं अब स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण लोग इसे नियमित आहार में शामिल कर रहे हैं। अब की बार अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।-राधाकृष्ण, दुकानदार