फोटो 2आईटीआई में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते स्कूली
नारनौल। जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आईटीआई मैदान में उत्साह के साथ मनाया गया। भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक ने उनका स्वागत किया। परेड की कमान डीएसपी डॉ. कविता ने संभाली।
सांसद ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि 1857 की क्रांति ने देश में आजादी की अलख जगाई थी। नसीबपुर के मैदान में राव तुलाराम के नेतृत्व में दक्षिणी हरियाणा के वीरों ने अंग्रेजों से मुकाबला किया और हजारों लोगों ने देश के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को हमेशा याद रखना चाहिए और समाज को जाति-धर्म के नाम पर नहीं बंटना चाहिए।
इस बार स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया गया। मार्च पास्ट में पुलिस प्लाटून प्रथम, होमगार्ड द्वितीय और एनसीसी गर्ल्स तृतीय रहे। दूसरे वर्ग में गाइड प्लाटून प्रथम, बुलबुल द्वितीय और कब प्लाटून तृतीय स्थान पर रही। समारोह में न्यायिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित हुए वीरों के परिजन : नांगल चौधरी। अनाज मंडी में आयोजित उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
उन्होंने कहा कि विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में आस्था ने भारत को विश्व का मजबूत लोकतंत्र बनाया है। इससे पहले उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह ने वीरांगनाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। परेड की कमान पीएसआई विक्रम ने संभाली। उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में एसडीएम उदय सिंह, नगर पालिका चेयरपर्सन प्रिया सैनी, मार्केट कमेटी चेयरमैन रमाकांत सहित अधिकारी और लोग मौजूद रहे। संवाद