फोटो नंबर-12शहर की एक दुकान पर फूलों की माला तैयार करता दुकानदार। संवाद
नारनौल। शादी-विवाह के चलते शहर का फूल बाजार गुलजार हो गया है। बढ़ती मांग के चलते फूलों के दामों में भी तेजी देखने को मिल रही है।
फरवरी में शादियों की संख्या बढ़ने के साथ ही मैरिज पैलेस, घरों की सजावट और बारात में गाड़ियों को फूलों से सजाने का काम तेज हो गया है जिससे करीब 20 दिनों में फूलों के भावों में वृद्धि हुई है।
फूल विक्रेता दयानंद सैनी, भगत सिंह, शेर सिंह और ललित ने बताया कि करीब 20 दिन पहले 70 रुपये किलो बिकने वाला गेंदा अब 120 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
इसी तरह गुलाब के दाम 150 रुपये से बढ़कर 300 रुपये और गुलदावरी 80 रुपये से बढ़कर 200 रुपये प्रति किलो हो गई है। बढ़ती मांग के कारण थोक और खुदरा दोनों बाजारों में कीमतों पर असर पड़ा है।
विक्रेताओं का कहना है कि भले ही फूलों के दाम बढ़े हों लेकिन शादी सीजन के चलते बिक्री भी अच्छी चल रही है। रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक सजावट और पूजा-पाठ के लिए फूल खरीद रहे हैं।
बाजार में रौनक लौटने से फूल कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में शादियों की संख्या और बढ़ने से फूलों की मांग के साथ कारोबार में भी और तेजी आएगी।