नगर पालिका के पांच वार्डों का उपचुनाव रविवार को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। इस चुनाव में 12 प्रत्याशियों ने अपना भाग्य आजमाया था। जीत का फैसला 2751 मतदाताओं को मतदान केंद्र पर मतदान करके करना था जिनमें से 1909 मतदाताओं ने अपने अपने मत का प्रयोग किया। इन मतों में से 21 वोट नोटा पर डाले गए।
कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण रूप से मतदान हुआ। वार्ड नंबर 3 के 514 मतदाताओं में से 398 मतदाताओं ने पीजी कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र पर अपना मत डाला। जिनमें अश्वनी कुमार ने 261 वोट लेकर जीत हासिल की। दूसरे नंबर पर कृष्ण कुमार ने 125 मत लिए तो वहीं तीसरे नंबर के कृष्ण कुमार ने 9 मत हासिल किए तथा तीन मत नोटा पर डाले गए।
वार्ड नंबर 4 के 526 मतदाताओं के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मतदान केंद्र बनाया गया। इसमें भी 398 मतदाताओं ने मतदान किया। जिसमें संजय गोयल ने 319 मत लेकर विजय हासिल की तो वहीं इनको टक्कर देने के लिए मोनिका मैदान में थी जो 76 वोट हासिल कर पाई। इस वार्ड में भी 3 मत नोटा पर डाले गए। वार्ड नंबर 7, 8 व 9 के मतदाताओं के लिए खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में मतदान केंद्र बनाया गया था। वार्ड नंबर 7 के 523 मतों में से 359 मत डाले गए। जिनमें से हितेश मुदगिल ने 330 मत लेकर जीत हासिल की। वहीं मोनिका ने 16 तो राकेश ने तीन मत हासिल किए। इस वार्ड में 10 वोट नोटा पर डाले गए। वार्ड नंबर 8 के 579 मतदाताओं में से 349 मतदाताओं ने मतदान किया। जिनमें से जितेंद्र सिंगल ने 334 मत हासिल करके विजय हासिल की। इस वार्ड में भी मोनिका ने 13 वोट प्राप्त किए तो नोटा में 2 वोट डाले गए। वार्ड नंबर 9 में मतदाताओं की संख्या सूची के अनुसार 609 थी जिनमें से 405 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। जिनमें से शिवानी गर्ग ने 327 वोट हासिल करके विजय प्राप्त की। वहीं मंजू देवी ने 75 वोट प्राप्त किए। इस वार्ड में भी 5 वोट नोटा पर डाला गए।
बता दें कि वर्ष 2018 में नगरपालिका का चुनाव हुआ था। जिसमें कस्बे के सभी 11 वार्डों में पार्षद चुने गए थे, लेकिन मई 2020 में 3, 4, 7, 8 व 9 पार्षदों को निष्कासित कर दिया गया था। जिसके बाद से उपचुनाव की प्रक्रिया जोरों पर चल रही थी। उसी के चलते रविवार को उप चुनाव करवाए गए। लेकिन देखने योग्य बात यह है कि वहीं पांचों पार्षदों ने एकतरफा जीत हासिल करके यह दिखा दिया की आज भी उनका वर्चस्व मतदाताओं के बीच में बना हुआ है। वार्ड नंबर 3 अश्विनी कुमार ने 136, वार्ड 4 के संजय गोयल ने 243, वार्ड नंबर 7 के हितेश मुदगिल ने 314, वार्ड नंबर 8 के जितेंद्र सिंगल ने 321, वहीं वार्ड नंबर 9 शिवानी गर्ग ने 252 वोटों से जीत हासिल करके रिकॉर्ड बनाया। वार्ड नंबर 3, 4 व 8 के प्रत्याशियों के पास साइकिल का चुनाव निशान था। जबकि वार्ड नंबर 7 के प्रत्याशी के पास तीर कमान, वही वार्ड नंबर 9 की प्रत्याशी शिवानी के पास छाता था। पिछले पांचों पार्षदों की जीत पर विधायक सीताराम यादव ने भी बधाई दी है।
इन्होंने हासिल की जीत
वार्ड नंबर 3 से अश्वनी कुमार, वार्ड नंबर 4 से संजय गोयल, वार्ड नंबर 7 से हितेश मुदगिल, वार्ड नंबर 8 से जितेंद्र सिंगल, वार्ड नंबर 9 से शिवानी गर्ग।