फोटो संख्या:77- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में एक्स रे कक्ष का बंदगेट---संवाद
महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल में पिछले पांच दिन से एफसीआर इमेजिंग स्केनर मशीन खराब है। इससे उपचार के लिए आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। हड्डी रोग विभाग के मरीजों को जांच के लिए निजी लैबों का सहारा लेना पड़ रहा है।
निजी लैब में मरीजों को जांच के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है। नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में हड्डी रोग विभाग की ओपीडी प्रतिदिन लगभग 70 मरीजों की है। इनमें 50 मरीज ऐसे हैं जिनको एक्स-रे जांच की आवश्यक होती है।
निजी लैबों में प्रति एक्स-रे पर 300 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। यह राशि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बड़ी समस्या बन गया है। नागरिक अस्पताल में पांच रुपये की ओपीडी पर्ची पर निशुल्क एक्स-रे जांच की जाती है।
ऑर्थो विभाग की सबसे पहली जरूरत है एक्स-रे
हड्डी रोग के मामलों में सबसे जरूरी एक्स-रे हैं। उपचार में देरी होने पर चोट या फ्रैक्चर गंभीर रूप ले सकता है। इसकी जानकारी एक्स-रे से ही होती है। इससे मरीज की सेहत पर दीर्घकालिक असर पड़ सकता है।
एफसीआर इमेजिंग स्केनर मशीन का स्केनर खराब हो गया था। कंपनी के इंजीनियर एफसीआर इमेजिंग स्केनर को चैक करके गए हैं। वीरवार को एफसीआर इमेजिंग स्केनर मशीन को ठीक हो जाएगी। लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं रहने दी जाएगी।
- जयप्रकाश, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, महेंद्रगढ़