फोटो नंबर-10आईटीआई के दीक्षांत समारोह में छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित करते अतिथि। संवाद
नारनौल। राजकीय आईटीआई में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि सुरेश चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी ट्रेनी छात्र व छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित कर व मेडल पहनाकर प्रोत्साहित किया। विद्युतकर अनुदेशक मनोज कुमार रसूलपुरिया के छात्र सचिन ने संस्थान में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। कार्यक्रम के बीच बीच में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समा बांधा।
दीक्षांत समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि सुरेश चौधरी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आईटीआई एक ऐसा संस्थान है, जहां रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। साथ ही सरकार की ओर से इस साल शुरू की गई दोहरी शिक्षा प्रणाली के तहत प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों को नौकरी में वरीयता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि आईटीआई से उत्तीर्ण बच्चे अपना स्वयं का रोजगार भी स्थापित कर अन्य को भी रोजगार के अवसर प्रदान कर सकते हैं।
इस मौके पर प्रधानाचार्य विनोद खनगवाल ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि राजकीय औधोगिक प्रशिक्षण संस्थान के 21 ट्रेड के कुल 112 मेधावी ट्रेनी छात्र व छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है। इसके बाद सभी उत्तीर्ण बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसी प्रकार महिला आईटीआई की 9 ट्रेड की प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कुल 40 छात्राओं को भी प्रमाण पत्र व मेडल पहनाकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके अलावा रोडवेज डिपो में डीएसटी के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 49 छात्रों को भी अनुभव प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स का योगदान भी सराहनीय रहा। इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र से नित्यानंद यादव, कार्यालय अधीक्षक सत्यनारायण, मेजर विरेंद्र कुमार सेकवाल, सुनील यादव, हरीश दहिया, अरुण सांगवान, गुरदयाल, राजेश, जगदीश, मनीषा, सुदर्शन, शक्ति व नीरज यादव सहित समस्त स्टाफ व बच्चे मौजूद रहे।