कनीना। बहुजन समाज पार्टी के नेता समाजसेवी अतरलाल एडवोकेट ने जिला खेल अधिकारी से अटेली हल्के के गांवों के खिलाड़ियों को खेल उपकरण व सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि खेल उपकरणों के अभाव में उभरते खिलाड़ियों को नुकसान हो रहा है।
इस मौके पर अतरलाल ने कहा कि उन्हें छिथरोली, बाघोत, सिहोर, उन्हाणी, चेलावास, सेहलंग, पोता, स्याणा, नौताना, खेड़ी तलवाना, अगिहार, खरकड़ा बास, धनौन्दा, पाथेड़ा, सुन्दरह, भोजावास, दौंगड़ा जाट व दौंगड़ा अहीर सहित अनेक गांवों के लोगों से शिकायत मिली है कि उनके गांवों के खिलाड़ियों को चार-पांच सालों से खेल विभाग की तरफ से खेल उपकरण व सामग्री नहीं मिली है।
खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान खेल उपकरण न होने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेल उपकरण बांटने व नए स्टेडियम बनाने में राज्य सरकार अटेली के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने सरकार से अटेली विधानसभा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम व साईं का सेंटर स्थापित करने की मांग भी की है।