फोटो नंबर-04रेवाड़ी रोड से सिंघाना रोड तक डिवाइडरों की सफाई कर डाली जा रही मिट्टी। संवाद
नारनौल। शहर में जल्द ही गंदगी से अटे पड़े डिवाइडर के दिन बदलेंगे। इसके लिए नगर परिषद की तरफ से डिवाइडर की सफाई का काम शुरू कर दिया है।
बता दें कि रेवाड़ी रोड से सिंघाना रोड तक नगर परिषद ने 2017 में करीब नौ लाख रुपये की लागत से डिवाइडर को ठीक करवाया था। इसके बाद इन डिवाइडर के बीच हरे-भरे पौधे लगाकर इन्हें फूलों से महकाया जाना था, लेकिन इन डिवाइडर की सुध नहीं लेने से फूलों से महकने के बजाय गंदगी से अटे पड़े थे। इसको लेकर अमर उजाला के 24 फरवरी के अंक में ‘फूलों से महकना था... कचरे से पटे डिवाइडर’ शीर्षक से खबर छपी थी।
इसके बाद नप प्रशासन ने डिवाइडर की सुध ली। अब सुंदरीरकण का कार्य शुरू कर दिया। अब रेवाड़ी रोड से सिंघाना रोड सुभाष पार्क तक इन डिवाइडर की सफाई, मिट्टी डालने का कार्य किया रहा है।
मिट्टी डालने के बाद नगर परिषद द्वारा इनमें पौधे भी लगाए जाएंगे। नगर परिषद द्वारा इन डिवाइडर पर लगे लोगों के प्रचार बोर्ड भी हटवा दिए गए हैं। रेवाड़ी रोड से सिंघाना रोड तक बने इन डिवाइडर के बीच में लोगों ने अपना कूड़ा डालना शुरू कर दिया था, जिससे यह शहर की सुंदरता पर ग्रहण लगा रहा था।