फोटो नंबर- 14नई अनाज मंडी के प्रवेश द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे। संवाद
नारनौल। जिले में सरसों की सरकारी खरीद 28 मार्च से शुरू होगी। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मंडी के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वाटर कूलर की सफाई का काम हो चुका है लेकिन शौचालय व टिनशेड की सफाई नहीं करवाई गई है। अभी शौचालय के बाहर ताला लटका हुआ है।
बाजरे की खरीद के दौरान भी शौचालय बंद था जिस कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा नई अनाज मंडी में लगी स्ट्रीट लाइट में से कुछ खराब हैं जिन्हें अभी तक बदला नहीं गया है। इससे किसानों को रात के समय परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रवेश व निकास द्वारा पर लगाए 3 कैमरे
मार्केट कमेटी की तरफ से अनाज मंडी में 9 कैमरे लगाए गए हैं। 3 कैमरे नई अनाज मंडी के प्रवेश व निकास द्वार पर, चार मार्केट कमेटी परिसर में और दो सब्जी मंडी के प्रवेश व निकास द्वार पर लगाए गए हैं।
अभी नहीं मिले हैं चौकीदार
नई अनाज मंडी में खरीद के दौरान चौकीदारों की नियुक्ति अभी नहीं की गई है। हालांकि मार्केट कमेटी ने 6 चौकीदारों की मांग उच्च अधिकारियों से की है। व्यापारियों ने बताया कि नई अनाज मंडी में चौकीदारों की व्यवस्था नहीं है जिस कारण शाम होते ही असामाजिक तत्व मंडी में एकत्रित होना शुरू हो जाते हैं। इसके अलावा शराब पीकर हुडदंगबाजी करते हैं।
वर्जन
नई अनाज मंडी में लगे सभी कैमरे चालू हालत में हैं और किसानों की सुविधा के लिए पानी की टंकी की सफाई करवा दी गई है। शौचालय व टिन शेड की सफाई का काम भी जल्द करवाया जाएगा। वहीं खरीद के दौरान 6 चौकीदारों की नियुक्ति के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। किसानों से अपील है कि खरीद के दौरान नियमों का पालन करें और वाहन पर वाहन संख्या अवश्य लिखवा कर लाएं। -
नुकुल यादव, सचिव, मार्केट कमेटी, नारनौल।