महेंद्रगढ़। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद शहर में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। शहर की अनेक कॉलोनियों और वार्डों में करीब 46 घंटे बाद बिजली आने से लोगों ने राहत की सांस ली।
गुरुवार रात 11 बजे से बिजली गुल होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बिजली न होने से घरेलू कार्यों के साथ पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बिजली कर्मचारी दीपक ने बताया कि सभी कर्मचारी अपने कार्य पर लौट आए हैं और बिजली व्यवस्था को सुचारू करने में जुट गए हैं।
करीब 8:30 बजे शहर के मसानी चौक, मोहल्ला नीमड़ी नीचे, सराफा बाजार और डुलना रोड पर बिजली बहाल की गई।
इसके बाद 9:45 बजे मोहल्ला तिवाड़ीयान, सैनीपुरा, वाल्मीकि सहित अन्य इलाकों में बिजली आई। वहीं, कुछ क्षेत्रों में बिजली नहीं आई है।