उपमंडल स्तरीय विजिलेंस कमेटी के चेयरमैन दिनेश कुमार ने शनिवार को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। इस मौके पर एसडीएम दिनेश ने अस्पताल के हाजिरी रजिस्टर का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने नागरिक अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया व नगर पालिका के एमई को चल रहे निर्माण कार्यों के सामग्री का सैंपल लेकर जांच के आदेश दिए। वहीं उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए अस्पताल में अच्छी प्रकार से साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शीघ्र ही नागरिक अस्पताल में आने वाले नागरिकों के लिए अस्पताल के मुख्य द्वार के नजदीक शौचालय बनवाने के निर्देश भी नपा के अधिकारियों को दिए।
इस मौके पर उपमंडल स्तरीय विजिलेंस कमेटी के चेयरमैन एवं एसडीएम दिनेश ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समय पर कार्यालय आए। कार्यालय में समय पर ना आने वाले व समय से पहले जाने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।