हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय(हकेंविवि) में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने को लेकर केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह को लेटर भी जारी कर दिया है। उन्होंने लेटर के माध्यम से बताया कि 20 अप्रैल को हकेंविवि महेंद्रगढ़ में घोषित मेेडिकल कॉलेज के लिए उचित कार्रवाई के लिए प्रदेश सरकार को भेज दिया है।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने 9 मई को सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार को जल्द प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया है। वहीं हकेंविवि के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि अगर केंद्र सरकार यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित करती है तो विवि की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
बता दें कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधारशिला 2009 में तत्कालीन मानव संसाधन मंत्री अर्जुन सिंह ने रखी थी। उस समय हकेंविवि को बनाने के लिए गांव जांट पाली की 488 एकड़ पंचायती जमीन अधिगृहित की गई थी। उसी समय से क्षेत्रवासियों की हकेंविवि में मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की मांग चली आ रही है। बीच में जिले के अंदर राज्य सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की चर्चा चली तो उस समय अवश्य नेताओं ने यहां मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग उठाई थी लेकिन अब वह मेडिकल कॉलेज 500 करोड़ रुपये से कोरियावास में बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री द्वारा कोरियावास में मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की घोषणा पर लोग हताश हो गए थे इसके बाद हकेंविवि मेडिकल कॉलेज की मांग किसी भी नेता ने नहीं उठाई। महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने 31 मार्च 2022 को आम बजट में मेडिकल कॉलेज का मुद्दा उठाया। यह मुद्दा उठने के बाद क्षेत्रवासियों को मेडिकल कॉलेज की दोबारा आस बंधी हैं। अगर यह प्रोजेक्ट सिरे चढ़ जाता है तो क्षेत्र लगभग 250 गांवों तथा आसपास के जिलों को इस फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री केंद्र को भेजें प्रस्ताव
केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से पत्र संख्या यू-14017/55/2022-एमई-2 (8163527) के तहत 20 अप्रैल 2022 के द्वारा प्रस्ताव मांगा है। अगर राज्य सरकार यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को जल्द भेज दे तो इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द हो सकता है।
प्रदेश सरकार को नहीं देनी होगी हिस्सेदारी, केवल सैद्धांतिक मंजूरी की जरूरत
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। अब राज्य सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजना होगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र भी लिखा है। सांसद ने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज में प्रदेश सरकार को अपनी कोई हिस्सेदारी नहीं देनी होगी, यह पूरा प्रोजेक्ट केंद्र सरकार बनाएगी। राज्य सरकार को केवल अपनी सैद्धांतिक मंजूरी देनी होगी। अगर राज्य सरकार सैद्धांतिक मंजूरी दे देती है तो केंद्र सरकार हरियाणा केंद्रीय विद्यालय में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर देगी।
अगर हकेंविवि का यह जिम्मेदारी मिलेगी तो उसे पूरी तरह से निभाएगी। हकेंविवि के पास मेडिकल कॉलेज के लिए पर्याप्त जमीन है जितनी जमीन की जरूरत होगी, उतनी हकेंविवि उपलब्ध करवा देगा। - प्रो. टंकेश्वर कुमार, कुलपति, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय।